कलेक्टर गोपाल वर्मा ने स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण
कक्षा पांचवीं में विद्यार्थियों से पूछे पाठ से जुड़े सवाल, शिक्षकों को दिया सीख आधारित शिक्षण प्रदान करने पर जोर
कवर्धा, 20 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज राजानवागांव स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की पढ़ाई तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम, विद्यालय संचालन समय, शिक्षकों की उपस्थिति तथा विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई-लिखाई के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों कि उपस्थिति पंजी का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा पांचवीं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उस समय हिंदी विषय का पाठ चित्रकार मोर पढ़ाया जा रहा था। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ की कहानी और उसके संदेश के बारे में प्रश्न पूछे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कहा कि प्रत्येक पाठ केवल पढ़ने के लिए नहीं होता, बल्कि उससे कोई न कोई सीख अवश्य मिलती है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि अध्याय पूरा कराने के बाद विद्यार्थियों से यह अवश्य पूछें कि उन्होंने उस पाठ से क्या सीखा और उसके बाद शिक्षक स्वयं भी उस पाठ की मुख्य सीख विद्यार्थियों को समझाएं। इससे बच्चों की समझ और सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने विद्यार्थियों से मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता, स्वाद एवं नियमित उपलब्धता के बारे में पूछा। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें मध्यान्ह भोजन के अंतर्गत दाल, चावल एवं सब्जी परोसी गई थी, जिसे उन्होंने भोजन अवकाश के दौरान कर लिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ आर वर्मा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री आनंद तिवारी उपस्थित रहे।
*कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, किचन में भोजन की गुणवत्ता को परखा*
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने ग्राम छपरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के साथ बातचीत की और उनकी दैनिक शैक्षणिक एवं खेल-आधारित गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी सीखने की गतिविधियों की जानकारी साझा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को दिए जाने वाले गर्म भोजन की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से भोजन के बारे में पूछा। इसके बाद कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र के किचन का निरीक्षण कर साफ-सफाई, भोजन तैयार करने की व्यवस्था तथा पोषण संबंधी मानकों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बच्चों को समय पर स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा केंद्र में संचालित सभी गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में उपलब्ध खाली स्थान का उपयोग करते हुए पौधे लगाने के निर्देश दिए।


0 Comments