चिरायु योजना बनी बिंदिया के लिए वरदान, नि:शुल्क ऑपरेशन से मिला नया जीवन
आयुष्मान कार्ड से हुआ ऑपरेशन, स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी रही बिंदिया
सेवा संकल्प के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंच रही शासन की स्वास्थ्य सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाएं
कवर्धा, 26 सितंबर 2026। समय पर जांच, बीमारी की पहचान और नि:शुल्क उपचार, इन तीन कदमों ने बिंदिया को नया जीवन दिया। जन्मजात गंभीर हृदय रोग से पीड़ित बिंदिया यादव का चिरायु योजना के तहत उपचार हुआ और आयुष्मान कार्ड से उसका नि:शुल्क ऑपरेशन कराया गया। अब बिंदिया पूरी तरह स्वस्थ है।
कवर्धा के फांदातोड़, वार्ड क्रमांक 10 निवासी बिंदिया यादव जन्मजात गंभीर हृदय रोग टेट्रालॉजी ऑफ फैलॉट (TOF) से पीड़ित थीं। बीमारी के कारण परिवार उसकी सेहत को लेकर चिंतित था। चिरायु योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बिंदिया के हृदय रोग की पहचान हुई। चिकित्सकों की सलाह के बाद उसके उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। इसी बीच प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना से प्रेरित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंदों तक शासन की योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प भी मजबूत हो रहा है। बिंदिया के पास आयुष्मान कार्ड होने के कारण उसका हृदय का ऑपरेशन नि:शुल्क कराया गया। समय पर जांच और उपचार मिलने से बिंदिया अब पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य जीवन जी रही है।
नि:शुल्क उपचार से परिवार को आर्थिक बोझ से राहत मिली और उनकी बच्ची को स्वस्थ जीवन की नई राह मिली। बिंदिया के पिता श्री राजू यादव ने बताया कि बच्ची की बीमारी को लेकर परिवार काफी चिंतित था, लेकिन चिरायु योजना के माध्यम से बीमारी की समय पर पहचान हुई और आयुष्मान कार्ड से उसका नि:शुल्क ऑपरेशन कराया गया। उन्होंने कहा कि चिरायु योजना हमारे लिए वरदान साबित हुई है। इससे हमारी बच्ची को नया जीवनदान मिला है। हम शासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। समय पर स्वास्थ्य जांच, बीमारी की पहचान और शासकीय योजनाओं के माध्यम से मिले नि:शुल्क उपचार से गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों को स्वस्थ जीवन का अवसर मिल रहा है।



0 Comments