जल जीवन मिशन की योजनाओं को करीब से समझने 120 विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण
‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन स्टूडेंट टूर–वन बेस्ट प्रैक्टिस’ पहल के तहत जल स्रोत से जल वितरण तक की प्रक्रिया की ली जानकारी
कवर्धा, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन स्टूडेंट टूर–वन बेस्ट प्रैक्टिस’ पहल के अंतर्गत जिले के विभिन्न शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 120 विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन, जल शोधन, जल गुणवत्ता परीक्षण और जल संरक्षण की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मिनमिनिया मैदान एवं ग्राम कटगो स्थित सिंगल विलेज जल प्रदाय योजना का अवलोकन किया। यहां उन्हें योजना के संचालन एवं संधारण तथा जल संरक्षण के संबंध में जानकारी दी गई। इसके बाद विकासखंड बोड़ला के अंतर्गत पोड़ी समूह जल प्रदाय योजना के ग्राम भंडार स्थित जल शोधन संयंत्र का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने जल शोधन संयंत्र में सुरक्षित पेयजल के लिए क्लोरीन डोजिंग, जल उपचार तथा संयंत्र के विभिन्न अवयवों के संचालन की प्रक्रिया को करीब से देखा। विद्यार्थियों को उपखंड स्तरीय जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला का भी भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने जल की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विद्यार्थियों ने जल स्रोत से लेकर जल शुद्धिकरण, उपचारित जल के भंडारण एवं वितरण, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं संधारण की पूरी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझा।
इस शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुरहट्टा, मिनमिनिया मैदान, खड़ोदाकला, राम्हेपुरकला, सारंगपुरकला, लोहझरी, सिंघारी, पोड़ी एवं भालुचुवा के लगभग 120 विद्यार्थी शामिल हुए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण पेयजल योजनाओं की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ ही जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल और जल गुणवत्ता के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाना है। विद्यार्थियों को योजनाओं के संचालन एवं संधारण की जमीनी जानकारी मिलने से उनमें जल प्रबंधन को लेकर व्यावहारिक समझ विकसित हुई। जल जीवन मिशन के माध्यम से विद्यार्थियों को जल प्रबंधन की जमीनी समझ देने की यह पहल सुरक्षित पेयजल और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।


0 Comments