Header Ads Widget

Responsive Advertisement

विकसित भारत जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास प्लस की स्थायी सूची के लिए 24 जून को होगी ग्राम सभा

 



विकसित भारत जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास प्लस की स्थायी सूची के लिए 24 जून को होगी ग्राम सभा

जिला के सभी 471 ग्राम पंचायतों और आश्रित ग्रामो में होगा ग्राम सभा का आयोजन


कवर्धा, 19 जून 2026। कबीरधाम जिले के 471 ग्राम पंचायतों और उनके आश्रित ग्रामो में 24 जून 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम सभा में 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाले विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका ग्रामीण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की स्थाई प्रतीक्षा सूची पर चर्चा होगी जिसमे शासन की दोनों महत्वपूर्ण योजनाओं के विषय पर ग्रामीणों को जानकारी दी जाएगी।

कलेक्टर कबीरधाम श्री गोपाल वर्मा द्वारा ग्राम सभा का आयोजन करने के निर्देश जारी किए गए है। ग्राम सभा मे महात्मा गांधी नरेगा के स्थान पर विकसित भारत जी राम जी योजना से ग्रामीणों को मिलने वाले 125 दिनों के रोजगार, सात दिवस में मजदूरी भुगतान, काम की मांग पर रोजगार, ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास,आजीविका, जल संरक्षण के साथ महिलाएं एवं युवाओं को मिलने वाले फायदे के बारे में बताया जाएगा। साथ ही वर्तमान मजदूरी दर बेरोजगारी भत्ता पारदर्शिता एवं जवाबदेही जैसे प्रमुख बदलाव के विषय में लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाएगी। नई योजना में कार्य की चार प्रमुख श्रेणियां जिसमें जल सुरक्षा और संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना,आजीविका संवर्धन और जलवायु परिवर्तन जैसे प्रमुख घटकों पर ग्रामीणों के साथ चर्चा होगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपसंचालक पंचायत श्री राज तिवारी ने बताया कि राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशानुसार जिले में ग्राम सभा का आयोजन होगा जिसमें शासन की प्रमुख योजनाओं पर बात होगी।

ग्राम सभा मे मुख्य रूप से विकसित भारत जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 की स्थाई प्रतीक्षा सूची का विषय है। इसके अतिरिक्त जल संवर्धन, ग्राम संपदा एप्प, स्वच्छता, टीवी मुक्त भारत अभियान एवं बाल विवाह जैसे विषयों पर पर भी चर्चा होगी। ग्रामीणों से अपील की जाती है कि वह ग्राम सभा में आवश्यक रूप से उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा हितग्राहियों के चयन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


*प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची पर ग्राम सभा मे क्या होगा*


प्रधानमंत्री अवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची में सूचीबद्ध हितग्राहियों के नाम का वाचन ग्राम सभा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिले में कुल 1,30,056 सर्वेक्षित हितग्राहियों का नाम सूची में शामिल है।जिसमें जनपद पंचायत बोड़ला में 27970, कवर्धा में 30616, पंडरिया में 45073 एवं स.लोहारा में 26397 ग्रामीण हितग्राही परिवार शामिल है। इसके साथ ही विशेष ग्राम सभा में पूरी सूची का वाचन किया जाएगा। कोई भी व्यक्ति अपनी पात्रता का परीक्षण करा सकता है। प्राप्त आपत्तियों पर जांच परीक्षण उपरांत निराकरण करते हुए हितग्राहियों की अंतिम सूची तैयार की जावेगी। पारदर्शिता के साथ योग्य लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। अंतिम सूची को अनुमोदन के पश्चात आवास प्लस 2.0 के पोर्टल में अपलोड किया जाएगा जिससे पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभांवित किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments