वृहद पंजीकरण शिविर के दूसरे दिन कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने किया निरीक्षण, विभागों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
कल अंतिम दिवस, अधिक से अधिक लोगों से शिविर पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील
कवर्धा, 19 जून 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “विश्वास के 12 साल : विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत कबीरधाम जिले में आयोजित तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर के दूसरे दिन कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कवर्धा स्थित वीर सावरकर भवन पहुंचकर शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं के पंजीयन, आवेदनों के निराकरण एवं हितग्राहियों को त्वरित लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व विधायक श्री अशोक साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष श्री पवन जायसवाल, श्री मुकेश ठाकुर सहित पार्षदगण, अधिकारी कर्मचारी और नागरिक उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में पहुंचकर प्राप्त आवेदनों, उनके प्रकार तथा निराकरण की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक के आवेदन का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ पंजीयन किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए।
*शिविर में आवेदनों का किया जा रहा पंजीकरण*
शिविर में आम नागरिकों के आवेदन, नई योजनाओं में पंजीकरण तथा विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए पंजीयन किया जा रहा है। संबंधित विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई लगातार जारी है। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, राजस्व प्रकरणों, राशन एवं पेंशन योजनाओं से संबंधित जानकारी, पंजीयन एवं लाभ उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है।
*जिले के चारों राजस्व अनुभागों में लगाया जा रहा शिविर, कल अंतिम दिन*
जिले के चारों राजस्व अनुभागों में शिविर आयोजित कर नागरिकों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। कवर्धा अनुभाग अंतर्गत वीर सावरकर भवन कवर्धा, बोड़ला अनुभाग अंतर्गत मंगल भवन वार्ड क्रमांक 10, पंडरिया अनुभाग अंतर्गत सामुदायिक भवन तथा सहसपुर लोहारा अनुभाग अंतर्गत मंगल भवन में वृहद पंजीकरण शिविर संचालित किए जा रहे हैं। शिविर का कल अंतिम दिवस है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा उपलब्ध सेवाओं का लाभ लें।


0 Comments