Header Ads Widget

Responsive Advertisement

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, पंचायत सचिवों को दिए गए दिशा-निर्देश

 



ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, पंचायत सचिवों को दिए गए दिशा-निर्देश

गांव-गांव चलेगा स्वच्छता जागरूकता अभियान, कचरा पृथक्करण और वैज्ञानिक निपटान पर विशेष फोकस


कवर्धा, 19 जून 2026। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत बोड़ला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में ग्राम पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) श्री संजय सोनी ने नियमों के अंतर्गत निर्धारित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि घरों एवं संस्थानों से निकलने वाले कचरे का चार श्रेणियों में पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए तथा इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाए। स्वच्छाग्रहियों के माध्यम से ग्रामीणों को कचरा पृथक्करण, स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में स्वच्छाग्रहियों को समय पर प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने, कचरा संग्रहण में उपयोग किए जाने वाले रिक्शों की मरम्मत कराने तथा ग्रामों के दुकानदारों, हाट-बाजारों एवं घरों से यूजर चार्ज संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नारा लेखन, दीवार लेखन के माध्यम से स्वच्छता संबंधी संदेशों को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने पर जोर दिया गया। सचिवों को सप्ताह में कम से कम दो दिन नियमित कचरा संग्रहण अभियान संचालित करने की जानकारी भी दी गई।

बैठक में ग्राम पंचायतों के अंतर्गत होटल, ढाबा, गुड़ फैक्ट्री सहित अधिक मात्रा में अपशिष्ट उत्पन्न करने वाले संस्थानों (बल्क वेस्ट जेनरेटर्स) का चिन्हांकन कर उनके अपशिष्ट के वैज्ञानिक उपचार एवं सुरक्षित निपटान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति की बैठकों तथा ग्राम सभाओं में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का वाचन कर ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।

बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर डंपिंग स्थलों का चिन्हांकन करने तथा ठोस कचरे के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक निपटान के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा की गई। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की टीम द्वारा गांव-गांव एवं वार्ड स्तर पर लगातार जनजागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति सकारात्मक जागरूकता विकसित हो रही है।

Post a Comment

0 Comments