किशोरियों को दी गई मानसिक स्वास्थ्य और यौन शिक्षा की जानकारी
कवर्धा, 10 मार्च 2026। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सत्ती वार्ड कवर्धा में 9 मार्च को स्कूली शिक्षा में नवाचार के अंतर्गत छात्राओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षिका संगीता बघेल द्वारा किया गया, जिसमें किशोरियों को मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और यौन शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता मनसयुक्ति समग्र स्वास्थ्य सेवाएं, बिलासपुर की संस्थापक डॉ. सुजाता पाण्डेय रहीं। उन्होंने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों के बारे में छात्राओं को सरल और सहज भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि इस उम्र में मन में उठने वाले सवालों और दुविधाओं को दबाने के बजाय सही जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है।
कार्यशाला में छात्राओं को भावनात्मक मजबूती, तनाव और घबराहट से निपटने के उपाय, यौन शिक्षा एवं बॉडी सेफ्टी, तथा आत्मविश्वास बढ़ाने के तरीके बताए गए। इस दौरान मूड मीटर की अवधारणा भी समझाई गई, जिसमें बताया गया कि जैसे शरीर का तापमान बदलता है वैसे ही हमारे मन में भी भावनाओं के उतार-चढ़ाव होते हैं, जिन्हें संतुलित रखना आवश्यक है। डॉ. पी.एल. जांगड़े ने बच्चों के विकास के लिए पोषण आहार, संतुलित भोजन और नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार और योग से मानसिक चेतना का विकास होता है।
श्रीमती संगीता बघेल ने बताया कि यह कार्यशाला विशेष रूप से बच्चों की परीक्षा के समय होने वाले डर और एंग्जायटी को दूर करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। उन्होंने ध्यान, मेडिटेशन, संतुलित आहार, सकारात्मक विचार और योग को मानसिक संतुलन के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम में बीआरसी केश लाल साहू की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में संगीता बघेल द्वारा अतिथियों को पौधे उपहार स्वरूप भेंट किए गए। इस अवसर पर डॉ. पी.एल. जांगड़े, बीआरसी केश लाल साहू, विधि तिवारी, सीएसी योगेश्वर साहू, संगीता बघेल, लक्ष्मण साहू सहित एमडीएम समूह की महिला सदस्य उपस्थित रहे।


0 Comments