Header Ads Widget

Responsive Advertisement

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित

 



नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित


कवर्धा, 03 मार्च 2026। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में जनजागरूकता की दिशा में सार्थक पहल करते हुए एकलव्य मॉडल आवासीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तरेगांव जंगल में प्रभावी जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग, जिला कबीरधाम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं ग्रामीण समुदाय को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सशक्त पहल करना था। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार के नशे तथा उससे होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में विशेष बैगा बाहुल्य क्षेत्र ग्राम छिंदपुर में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैगा जनजाति के नागरिकों को सरल एवं सहज भाषा में नशे से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए नशा त्यागने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, नशा मुक्त भारत अभियान के वालेंटियर श्री चन्द्रकांत यादव एवं सुश्री ज्योति साहू सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सतत प्रयास करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments