Header Ads Widget

Responsive Advertisement

नहर की सफाई से अंतिम छोर तक पहुंचा पानी, किसानों ने जताया आभार




 नहर की सफाई से अंतिम छोर तक पहुंचा पानी, किसानों ने जताया आभार

सेवा संकल्प अभियान के तहत नवापारा में किसान बैठक, नहर पक्कीकरण और जल संरक्षण पर हुई चर्चा


कवर्धा, 27 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संसाधन विभाग द्वारा लोहारा जलाशय के नहर कमांड क्षेत्र के ग्राम नवापारा में किसान बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल संसाधन उपसंभाग क्रमांक-3, सहसपुर लोहारा के अनुभागीय अधिकारी श्री राहुल पंत एवं उप अभियंता श्री ओम प्रकाश कुलमित्र उपस्थित रहे।


बैठक में किसानों ने बताया कि इस वर्ष लोहारा जलाशय की मिट्टी से निर्मित नहर की विशेष साफ-सफाई कराए जाने से नहर का पानी अंतिम छोर तक नवापारा के तालाब तक सफलतापूर्वक पहुंचा है। किसानों ने इसके लिए जल संसाधन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। किसानों ने भविष्य में जल प्रवाह को और सुचारू बनाए रखने तथा सिंचाई सुविधा को बेहतर करने के लिए नहर के पक्कीकरण का प्रस्ताव रखा। विभागीय अधिकारियों ने किसानों के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए आवश्यक कार्यवाही के लिए संज्ञान में लिया।


कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने किसानों को जल संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व की जानकारी दी। उपलब्ध जल संसाधनों के समुचित उपयोग, जल स्रोतों के संरक्षण तथा भविष्य के लिए भूमिगत जल स्तर को बनाए रखने के संबंध में किसानों को जागरूक किया गया। किसानों ने क्षेत्र में संचालित पत्थर खदानों के कारण भूमिगत जल स्तर के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। अधिकारियों ने किसानों की बात को गंभीरता से सुना तथा भूमिगत जल के संरक्षण और जल पुनर्भरण को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक पहल पर विचार करने हेतु विषय को दर्ज किया।


इस दौरान किसानों एवं ग्रामीणों को नहर, तालाब सहित अन्य जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा जल स्रोतों में किसी प्रकार की गंदगी नहीं करने के लिए भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में किसानों ने जल संसाधनों के संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभाग के साथ सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Post a Comment

0 Comments