निर्माण कार्यों का जायजा लेने सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने ग्राम पंचायतों का किया सघन दौरा
ग्राम पंचायत बिरकोना, घुघरीकला और धरमपुरा पहुंच कर विभिन्न कार्यों का किया निरीक्षण
स्टॉप डैम, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, बोरवेल रिचार्ज पिट एवं सामुदायिक भवन सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश
कवर्धा, 06 जुलाई 2026। निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत देखने सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल ने विभिन्न ग्राम पंचायतांे का सघन दौरा कर कार्यों का निरीक्षण किया। अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, पशु शेड, सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज पिट एवं स्टॉप डैम जैसे अनेक कार्यांे को देखकर मौके पर उपस्थित निर्माण एजेंसियों एवं तकनीकी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ग्राम पंचायत घुघरीकला में महात्मा गांधी नरेगा से निर्मित चेक डैम कार्य का निरीक्षण करते हुए जानकारी ली गई। चेक डैम में सिंचाई के लिए पानी रोकने हेतु गेट लगाने के लिए निर्देश दिए गए जिससे कि कार्य का लाभ ग्रामीणों को मिल सके।
मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत बने सामुदायिक भवन निर्माण कार्य घुघरीकला में निरीक्षण के दौरान भवन के आसपास स्वच्छता बनाए रखने,प्लिंथ के नीचे सीलन को रोकने के लिए पानी निकासी की व्यवस्था एवं निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। सीईओ जनपद पंचायत कवर्धा को कहा गया कि ग्रामीण महिलाओं को प्रोत्साहित कर समूह से जोड़ते हुए उन्हें आजविका संवर्धन की गतिविधियों से जोड़े। ग्राम पंचायत बिरकोना में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का अवलोकन कर ग्रामीणों को हो रहे लाभ की जानकारी ली गई। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से नगदी आहरण के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए बताया गया कि शासन की प्रमुख योजनाएं जैसे महतारी वंदन योजना, विभिन्न पेंशन योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास की राशि सहित अन्य दस्तावेज गांव में ही अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को मिलेंगे तथा इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने ग्रामीणों को प्रेरित किया गया।
ग्राम पंचायत बिरकोना की स्वच्छता दीदियों के साथ चर्चा करते हुए कचरा कलेक्शन एवं इससे होने वाली आमदनी पर जानकारी ली गई। यूजर चार्ज लेकर सप्ताह में कम से कम दो दिन कचरा कलेक्शन के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत कवर्धा को दिए गए। कचरा कलेक्शन के दौरान उपयोग होने वाले जरूरी स्वच्छता किट का वितरण स्वच्छता दीदियों को सीईओ श्री अग्रवाल द्वारा किया गया।
जिला पंचायत सीईओं श्री अभिषेक अग्रवाल ग्राम पंचायत धरमपुरा पहुंचकर पशु शेड का निरीक्षण किया। हितग्राही के पास उपलब्ध पशुओं की जानकारी ली गई तथा दूध व्यवसाय से जुड़े प्रमुख विषयों की जानकारी लेकर व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ाने प्रोत्साहित किया। सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज स्पीड का निरीक्षण करते हुए मैदानी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक बोरवेल को रिचार्ज पिट के माध्यम से जोड़ा जाए जिससे पानी की उपलब्धता निरंतर बनी रहे। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उप संभाग कवर्धा को निर्देश देते हुए कहा गया कि सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।कार्यों में लापरवाही एवं गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्यवाही करने की बात कही गई। निरीक्षण के दौरान सीईओ जनपद पंचायत कवर्धा,एसडीओ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कवर्धा, क्षेत्र के उप अभियंता, तकनीकी सहायक, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


0 Comments