कबीरधाम में घर-घर पहुंच रहा 4 डिब्बा स्वच्छता संदेश, 15 जुलाई तक हर घर में होगा कचरे का पृथक्करण
कवर्धा, 06 जुलाई 2026। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा के स्वच्छ छत्तीसगढ़ अभियान के तहत तथा कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार कबीरधाम जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं टिकाऊ ग्रामों का निर्माण करना है।
जिला पंचायत सीईओं श्री अभिषेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की टीम गांव-गांव, घर-घर और गली-गली पहुंचकर लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 तथा स्वच्छता के व्यवहारगत परिवर्तन के संबंध में जागरूक कर रही है। अभियान के दौरान स्वच्छता दीदियों के सहयोग से ग्रामीणों को गीले, सूखे, हानिकारक एवं विशेष कचरे का पृथक-पृथक संग्रहण और वैज्ञानिक तरीके से निपटान करने की जानकारी दी जा रही है। साथ ही प्रत्येक परिवार को नियमित रूप से शौचालय का उपयोग करने एवं कचरा स्वच्छता दीदियों को ही सौंपने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक घर में चार डिब्बों की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ग्रामीणों को गीले कचरे के लिए हरा, सूखे कचरे के लिए नीला, सेनेटरी कचरे के लिए लाल चिन्हित तथा हानिकारक कचरे के लिए काला डिब्बा रखने की समझाइश दी जा रही है, ताकि स्रोत स्तर पर ही कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित हो सके। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की टीम द्वारा बताया जा रहा है कि 15 जुलाई 2026 से स्वच्छता दीदियां घर-घर जाकर अलग-अलग कचरे का संग्रहण करने के साथ इसकी नियमित निगरानी एवं सत्यापन भी करेंगी। नागरिकों से इस व्यवस्था को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की जा रही है।
ग्रामीणों को यह भी बताया जा रहा है कि खुले में कचरा फेंकने पर ग्राम पंचायत द्वारा 500 रुपये से 5,000 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान लागू किया जाएगा। वहीं, जैविक कचरे से खाद तैयार करने के लिए वेस्ट टू वेल्थ की अवधारणा को बढ़ावा देते हुए वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के दौरान घरों एवं सामुदायिक स्तर से निकलने वाले ग्रे वाटर के सुरक्षित निपटान के लिए सोख्ता गड्ढों के निर्माण तथा ब्लैक वाटर के समुचित प्रबंधन हेतु सेप्टिक टैंक के साथ सोख्ता गड्ढा बनाने की जानकारी दी जा रही है। साथ ही ग्रामों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों के नियमित उपयोग एवं बेहतर रखरखाव के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों तथा ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
जिला पंचायत सीईओं श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की टीम द्वारा जिले की 60 ग्राम पंचायतों में वॉल पेंटिंग, नारा लेखन, चैपाल, घर-घर संपर्क तथा जनसंवाद के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य 15 जुलाई तक प्रत्येक घर में चार डिब्बों की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत पृथक कचरा संग्रहण प्रारंभ करना है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के नोडल अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 60 ग्राम पंचायतों में चैपाल, ग्राम सभा, पंचायत बैठक, महिला स्व-सहायता समूहों की बैठक, स्वच्छता दीदियों के प्रशिक्षण तथा विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। ग्रामीणों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है, जिससे अभियान को गति मिली है।
जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पंचायत सचिवों, स्व-सहायता समूहों एवं आम नागरिकों से इस जनआंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 2 अक्टूबर 2026 तक कबीरधाम जिले को ओडीएफ प्लस जिले के रूप में विकसित किया जा सके।


0 Comments