स्वच्छता दीदियां बनीं गांवों की ब्रांड एंबेसडर, घर-घर पहुंचकर कर रहीं कचरा संग्रहण और स्वच्छता का संदेश
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 60 ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान, अक्टूबर तक शत-प्रतिशत अनुपालन का लक्ष्य
कवर्धा, 10 जुलाई 2026। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से स्वच्छता दीदियां अब गांवों की ब्रांड एंबेसडर बनकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के तहत स्वच्छता दीदियां घर-घर पहुंचकर कचरा संग्रहण के साथ-साथ ग्रामीणों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक भी कर रही हैं।
जिले में 02 अक्टूबर 2026 तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 60 ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्वच्छाग्रही प्रतिदिन घर-घर जाकर अलग-अलग प्रकार के कचरे का संग्रहण कर रहे हैं तथा ग्रामीणों को स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत स्वच्छता दीदियां चार प्रकार के कचरे-हरा डिब्बा (गीला कचरा), नीला डिब्बा (सूखा कचरा), लाल डिब्बा (सेनेटरी अपशिष्ट) एवं काला डिब्बा (ई-वेस्ट) का पृथक-पृथक संग्रहण कर रही हैं। इसके साथ ही वे प्रत्येक घर में चार डिब्बों की उपलब्धता, शौचालय के नियमित उपयोग तथा सोकपिट निर्माण का सत्यापन भी कर रही हैं। स्वच्छता दीदियां परिवारों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी देकर स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिला रही हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता दीदियां इस अभियान की सबसे मजबूत कड़ी हैं। वे केवल कचरा संग्रहण का कार्य नहीं कर रहीं, बल्कि ग्रामीणों की सोच में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उनके सहयोग से जिले की 60 ग्राम पंचायतों में अक्टूबर 2026 तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक श्री संजय सोनी ने बताया कि जिले की 400 से अधिक स्वच्छता दीदियों को चार डिब्बा प्रणाली, सोकपिट निर्माण तथा वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण के बाद वे पूरे उत्साह के साथ गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं। ग्रामीणों द्वारा भी उनके कार्यों की सराहना की जा रही है।
जनपद पंचायत कवर्धा के ग्राम पंचायत बिरकोना, मजगांव, जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा के ग्राम पंचायत बिरेंद्रनगर एवं बाजार चारभाठा, जनपद पंचायत बोड़ला के ग्राम पंचायत खारा तथा जनपद पंचायत पंडरिया के ग्राम पंचायत मोहगांव के सरपंचों ने बताया कि स्वच्छता दीदियों के नियमित प्रयासों से गांवों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। अब अधिकांश परिवार स्वयं ही गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखकर स्वच्छता अभियान में सहयोग कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायतों एवं ग्रामीणों से अपील की है कि वे स्वच्छता दीदियों को पूरा सहयोग प्रदान करें, घरों से नियमित रूप से उपयोगकर्ता शुल्क (यूजर चार्ज) का भुगतान करें तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।


0 Comments