आदिवासी छात्रावासों में खेल सामग्री और बैगा बच्चों को सिनेमा दिखाने आदिवासी विकास परिषद ने सौंपा ज्ञापन
कबीरधाम। छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद (शाखा कबीरधाम) द्वारा जिले के आदिवासी छात्रावासों की सुविधाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है। परिषद के जिलाध्यक्ष श्री कामू बैगा के नेतृत्व में सहायक आयुक्त (आदिम जाति कल्याण विभाग) एवं कलेक्टर कबीरधाम को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखी गईं।
परिषद द्वारा आश्रमों एवं छात्रावासों के औचक निरीक्षण के बाद दो प्रमुख बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया गया है:
छात्र-छात्राओं हेतु खेल सामग्री की उपलब्धता:
छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेल सामग्री का अभाव पाया गया है। बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल एवं क्रिकेट किट जैसी इनडोर व आउटडोर खेल सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
बैगा बच्चों को सिनेमा हॉल में प्रेरणादायक फिल्म दिखाना:
दूरस्थ वनांचल से आकर कवर्धा एवं जेवड़न स्थित आवासीय विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे विशेष पिछड़ी 'बैगा' जनजाति के बच्चों ने कभी जीवन में सिनेमा हॉल (टॉकीज) नहीं देखा है। बच्चों की मासूम जिज्ञासा को देखते हुए, वर्तमान में प्रदर्शित सामाजिक व प्रेरणादायक पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म 'जन नायक' दिखाने हेतु आवश्यक सुरक्षा व परिवहन व्यवस्था के साथ सिनेमा हॉल ले जाने का निवेदन किया गया है।
छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रशासन इन सकारात्मक पहलों पर शीघ्र निर्णय लेकर आदिवासी व बैगा छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाएगा।


0 Comments