Header Ads Widget

Responsive Advertisement

किशोरी बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ

 



किशोरी बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ

कवर्धा, 07 अप्रैल 2026। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा किशोरी बालिकाओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय कवर्धा में 16 मार्च 2026 से तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों बोड़ला, झलमला, पिपरिया, पंडरिया, कुकदुर एवं सहसपुर लोहारा में 06 अप्रैल 2026 से एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत की गई है। यह टीकाकरण प्रतिदिन (रविवार एवं अवकाश के दिनों को छोड़कर) प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। जिले में अब तक 18 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नवनीत सिंह ठाकुर ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन एक सुरक्षित एवं प्रभावी टीका है, जो मुख्य रूप से सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुख का कैंसर) से बचाव में सहायक है। इसके अलावा यह जननांगों पर होने वाले मस्सों तथा गर्भाशय ग्रीवा, गुदा, गले एवं अन्य कैंसर के अधिकांश मामलों को रोकने में भी मददगार है। उन्होंने बताया कि विश्व स्तर पर प्रतिवर्ष लगभग 74,000 से 77,000 महिलाओं की मृत्यु सर्वाइकल कैंसर के कारण होती है, जिसमें से लगभग एक तिहाई मृत्यु भारत में होती है। एचपीवी टीकाकरण इस गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है।

टीकाकरण के लिए आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर आयु का निर्धारण किया जाएगा। एचपीवी वैक्सीन की एकल खुराक (0.5 एमएल) दी जाएगी, जो बांह के ऊपरी हिस्से (बायीं भुजा) में लगाई जाएगी। गर्भावस्था की स्थिति में टीका नहीं लगाया जाएगा तथा टीकाकरण खाली पेट नहीं किया जाएगा। टीका लगाने के पश्चात तर्जनी उंगली में मार्किंग की जाएगी तथा हितग्राही को आधे घंटे तक स्वास्थ्य केन्द्र में रुकना होगा। टीकाकरण के उपरांत कार्ड भी प्रदान किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे ने 14 वर्ष से अधिक एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिकाओं को अनिवार्य रूप से एचपीवी टीकाकरण कराने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी मितानिन अथवा स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments