प्रधानमंत्री आवास को गुणवत्ता के साथ करवाएं पूर्ण- सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल
आवास हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा कर सीईओ ने दिए कई निर्देश
कवर्धा, 06 मार्च 2026/ प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना अंतर्गत बनने वाले घरों की गुणवत्ता उत्तम हो। समय पर निर्माण कार्य पूरा करने हितग्राहियों को प्रोत्साहित करते हुए आवास निर्माण में लापरवाही बरतने एवं अनियमितता की शिकायत पर जांच उपरांत दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल द्वारा आवास योजना की समीक्षा बैठक के दौरान मैदानी कर्मचारियों को दिए। बैठक में उपस्थित सीईओ जनपद पंचायत, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, कार्यक्रम अधिकारी, विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक, ग्राम पंचायत सचिव,रोजगार सहायक एवं आवास मित्र को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं प्रधानमंत्री जनमन आवास शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। प्रदेश में सर्वाधिक जनमन आवास का निर्माण कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला एवं पंडरिया में कराया जा रहा है।समीक्षा बैठक के दौरान सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने निर्देश देते हुए आगे कहा कि आवास निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता अनुसार संबंधितों के विरुद्ध थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। सीईओ जिला पंचायत ने बोड़ला एवं पंडरिया क्षेत्र के जनमन आवास की ग्राम पंचायत वार समीक्षा कर निर्माण कार्य को जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए। आवास निर्माण के लिए रेती,गिट्टी,सीमेंट सेंट्रिंग प्लेट जैसे मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति डीलर दीदी के द्वारा कराए जाने के भी निर्देश दिए गए। इस कार्य से बिहान योजना के महिला समूह की आजीविका गतिविधियां संचालित होगी और स्थानीय स्तर पर आवास योजना के हितग्राहियों को कम दर पर निर्माण सामग्री प्राप्त होने की बात कही। उल्लेखनीय है कि नवनियुक्त सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने रानी दुर्गावती चौक स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के सभा कक्ष में जिले के सभी ग्राम पंचायतो के मैदानी कर्मचारियों की दो पाली में समीक्षा बैठक आहूत कर चल रहे निर्माण कार्यों की ग्राम पंचायत वॉर जानकारी प्राप्त की। आवास निर्माण के ऐसे हितग्राही जिन्हें प्रथम किस्त की राशि मिलने के बाद भी लंबे समय से आवास का निर्माण प्रारंभ नही कर रहे है उनसे राशि वसूली के निर्देश जनपद पंचायत को दिए गए।
*मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य विभागीय योजनाएं पर भी दिए निर्देश*
महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष के सभी कार्यों को 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूरा करते हुए आगामी वित्तीय वर्ष के लिए युक्तधारा पोर्टल में कार्य की एंट्री करने कहा गया। ग्रामीण अंचलों में 1 अप्रैल 2026 लागू होने वाले विकसित भारत जी राम जी योजना की जानकारी ग्रामीणों को देने के निर्देश दिए।जल संरक्षण के लिए महात्मा गांधी नरेगा से निर्माण कराया जा रहे स्टॉप डैम एवं रपटा का कार्य उचित स्थानो पर करने के निर्देश दिए गए। मनरेगा अंतर्गत एनएमएस के माध्यम से फेस स्कैनिंग से उपस्थिति की समीक्षा की गई। पंजीकृत मजदूरों का ई-केवाईसी बायोमेट्रिक अपडेशन का कार्य निर्धारित समय में कराने के निर्देश दिए। अधिक से अधिक महिलाओं को बिहान योजना से जोड़कर आजीविका के नए कार्य से लाभ पहुंचाने कहा गया। ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाने के लिए कार्य योजना बनाकर प्रगति लाने के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ को दिए गए। जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने सभी को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सामुदायिक शौचालय को आम जनता के लिए प्रारंभ करें और राष्ट्रीय राजमार्ग में बनाए गए सामुदायिक शौचालय का लाभ यात्रियों को मिले इसके लिए कार्यवाही करने कहा गया। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट को और अधिक क्रिया शील करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतो के लिए बनाए गए संपदा एप में ग्राम पंचायत स्थित सभी परिसंपत्तियों की ऑनलाइन एंट्री कर जियो टैग करने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को कहा गया। अटल डिजिटल सुविधा केंद्र द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं में वृद्धि करने के निर्देश भी पंचायत सचिवो को दिए गए। समीक्षा बैठक में उप संचालक पंचायत,लेखा अधिकारी जिला पंचायत, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यात्रिकी सेवा संभाग कवर्धा, सहित जिला पंचायत के सभी शाखा प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


0 Comments